उत्तराखंडऋषिकेशचुनाव

छात्रसंघ चुनाव की मतगणना से पहले मीडिया को किया गया परिसर से बाहर

मतदान तक परिसर में मौजूद रहे मीडियाकर्मी, काउंटिंग शुरू होने से ठीक पहले मेन गेट पर रोका; मतगणना की जानकारी के लिए पत्रकार भी करते रहे इंतजार

ऋषिकेश, 29 सितंबर(दिलीप शर्मा): श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मतगणना शुरू होने से ठीक पहले मीडिया कर्मियों को परिसर से बाहर कर दिया गया। पुलिस द्वारा सभी मीडियाकर्मियों को मुख्य गेट से बाहर कर दिए जाने के बाद छात्रसंघ चुनाव की मतगणना प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

मतदान प्रक्रिया के दौरान मीडिया कर्मी परिसर के भीतर मौजूद रहे और चुनाव से संबंधित गतिविधियों की कवरेज करते रहे। छात्र-छात्राओं द्वारा मतदान किए जाने तक मीडिया को परिसर में प्रवेश की अनुमति थी, लेकिन जैसे ही मतदान समाप्त हुआ और मतगणना की तैयारी शुरू हुई, पुलिस ने मीडिया कर्मियों को परिसर के मुख्य द्वार से बाहर कर दिया।

मीडियाकर्मियों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान इस तरह मीडिया को परिसर से बाहर किए जाने की स्थिति इससे पहले देखने को नहीं मिली। मतगणना स्थल के भीतर क्या प्रक्रिया चल रही है और किस प्रत्याशी को कितने मत प्राप्त हो रहे हैं, इसकी जानकारी बाहर मौजूद पत्रकारों को तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी।

अपडेट के लिए लगातार आते रहे फोन

मुख्य गेट के बाहर मौजूद पत्रकारों के मोबाइल फोन लगातार बजते रहे। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और अन्य लोगों की ओर से चुनाव परिणाम एवं मतगणना की स्थिति को लेकर जानकारी मांगी जाती रही। हालांकि, मतगणना स्थल से बाहर किए जाने के कारण मीडियाकर्मी भी अन्य लोगों की तरह आधिकारिक परिणाम की प्रतीक्षा करते नजर आए।

पत्रकारों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में मतगणना के दौरान मीडिया को परिसर से बाहर किए जाने से चुनाव प्रक्रिया की जानकारी के तत्काल प्रसारण में व्यवधान उत्पन्न हुआ।

अब सभी की निगाहें छात्रसंघ चुनाव के आधिकारिक परिणाम पर टिकी हैं। मतगणना पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विभिन्न पदों पर किस प्रत्याशी के सिर जीत का सेहरा बंधता है।

Related Articles

Back to top button