



ऋषिकेश, 30 सितंबर(दिलीप शर्मा): पीजी कॉलेज ऋषिकेश में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के विजयी प्रत्याशियों ने बुधवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने विजयी प्रत्याशियों का स्वागत करते हुए उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं।

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उपाध्यक्ष निकिता प्रजापति, कोषाध्यक्ष अंजलि कोठियाल तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि कुणाल नेगी का पटका एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को मिष्ठान खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में विद्यार्थियों द्वारा दिए गए जनादेश के साथ नई जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों से छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने की अपेक्षा की। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रहित, समाजहित और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाती रही है। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान मिलने वाले दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ भविष्य में समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए भी महत्वपूर्ण आधार तैयार करता है।
उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए छात्र-छात्राओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने तथा महाविद्यालय के हित में सक्रिय भूमिका निभाने की कामना की।
इस अवसर पर पार्षद मुस्कान चौधरी, पूर्व कोषाध्यक्ष आशा चौधरी, जिला संगठन मंत्री मनु प्रताप सिंह, जिला संयोजक सक्षम चौहान, नगर मंत्री प्रकाश चंद्र पांडे, तहसील संयोजक विश्वास, नगर सह मंत्री देव गुप्ता, नगर मीडिया संयोजक सूरज रावत, नगर एसएफएस संयोजक आदित्य तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





