



ऋषिकेश, 30 सितंबर(दिलीप शर्मा): ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत नगर निगम ऋषिकेश की ओर से बुधवार को शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय में पर्यावरण मित्रों एवं नगर निगम कार्मिकों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ महापौर शम्भू पासवान की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्रों, सफाई नायकों एवं निगम कार्मिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पर्यावरण मित्र प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में योगदान देते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण का ध्यान रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम पर्यावरण मित्रों एवं अन्य कार्मिकों के स्वास्थ्य को लेकर लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से कर्मचारियों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी मिल सकेगी और उनका आवश्यक उपचार एवं परामर्श भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
रक्तचाप, शुगर और आंखों की हुई जांच
शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. आनंद राणा के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने पर्यावरण मित्रों, सफाई नायकों तथा नगर निगम के अन्य कार्मिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में रक्तचाप, रक्त शर्करा, नेत्र परीक्षण समेत सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।
सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग की दी सलाह
चिकित्सा टीम ने पर्यावरण मित्रों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी सावधानियों के बारे में जागरूक किया। सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।
शिविर में सफाई निरीक्षक अमित नेगी, राजन भट्ट, संतोष गुसाईं सहित सफाई नायक एवं पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।





