उत्तराखंडजन आक्रोशटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

14 बीघा में पेयजल बिलों की अनियमितता पर फूटा आक्रोश, अधिकारियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

खराब पानी के मीटर और मनमाने बिलों से उपभोक्ता परेशान, नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने पेयजल निगम अधिकारियों के साथ की बैठक; समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

मुनिकीरेती-ढालवाला(दिलीप शर्मा): 14 बीघा ढालवाला क्षेत्र में पेयजल बिलों में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं और खराब पानी के मीटरों की शिकायतों को लेकर क्षेत्रीय जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं होने पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सभासदों एवं क्षेत्रीय जनता के साथ पेयजल निगम देहरादून के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

बैठक में क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई घरों में पानी के मीटर खराब पड़े हैं, जबकि इसके बावजूद पेयजल के बिल लगातार जारी किए जा रहे हैं। मीटरों की स्थिति और बिलों के बीच कथित विसंगतियों के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।

नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने पेयजल निगम देहरादून के अधिशासी अभियंता सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के समक्ष मामले को गंभीरता से उठाते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने की मांग की। बैठक के बाद इस संबंध में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें एक सप्ताह के भीतर पेयजल बिलों की अनियमितता और खराब मीटरों की समस्या का ठोस समाधान करने की मांग की गई।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि निर्धारित समयसीमा में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन को तेज किया जाएगा। साथ ही पेयजल निगम के अधिकारियों को उग्र आंदोलन करने तथा पानी के मीटर जमा कराने की चेतावनी भी दी गई।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़े मामलों में विभागीय स्तर पर लापरवाही या शिकायतों के समाधान में देरी उपभोक्ताओं के लिए अनावश्यक परेशानी का कारण बन रही है। ऐसे में खराब मीटरों की जांच, वास्तविक खपत के आधार पर बिल जारी करने और पूर्व में जारी बिलों की भी जांच किए जाने की मांग उठाई गई है।

बैठक में सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण, लक्ष्मण भंडारी, विनोद सकलानी, स्वाति पोखरियाल, सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला, सचिन पैन्यूली, अरविंद नेगी, वरिष्ठ पत्रकार समाज सेवी सूर्य चंद सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button