उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेतीस्वच्छता

‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान में मुनि की रेती-ढालवाला में हुआ वृहद श्रमदान

नगर के सभी वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर चला स्वच्छता अभियान, पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने लिया हिस्सा

मुनि की रेती/टिहरी1 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला की ओर से गुरुवार को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के अंतर्गत वृहद सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर के विभिन्न वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, मार्गों और नालियों की सफाई के साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान का शुभारंभ जानकी सेतु पर स्वच्छता शपथ के साथ हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजलवान और अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में सभासदों, पालिका अधिकारी-कर्मचारियों, पर्यावरण पर्यवेक्षकों, पर्यावरण मित्रों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान में भागीदारी की।

 

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नगर पालिका की ओर से विभिन्न वार्डों में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। नोडल अधिकारी एवं मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान, प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कृषाली, स्वास्थ्य लिपिक आकाश कैन्तुर, प्रधान सहायक कैलाश सेमवाल, कनिष्ठ लिपिक अनुज, अमित नेगी, संजय सहित पालिका की टीमों ने पर्यावरण पर्यवेक्षकों और पर्यावरण मित्रों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य किया।

इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, संपर्क मार्गों, नालियों और अन्य चिन्हित स्थानों से कूड़ा एकत्र किया गया। साथ ही लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने के लिए जागरूक किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

रोजमर्रा की आदत बने स्वच्छता

नगर पालिका की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। लोगों से कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने और उसे पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहन को सौंपने का आह्वान किया गया।

पालिका ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर मुनि की रेती-ढालवाला के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के माध्यम से सामूहिक प्रयासों के जरिए स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

स्वच्छ गंगा, स्वच्छ घाट और स्वच्छ नगर के संकल्प के साथ अभियान में ‘कचरे से मुक्ति और सबकी भागीदारी’ का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button