नगर निगम में ‘सेवा सुशासन संवाद’, विकास और जनकल्याण पर हुआ मंथन
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर शम्भू पासवान ने जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से किया संवाद




ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रजत जयंती पार्क, चन्द्रेश्वर नगर में ‘सेवा सुशासन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान एवं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ चर्चा की गई।

मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ऋषिकेश के समग्र विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम में नागरिक सुविधाओं में सुधार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर सुझाव भी प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम में पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।





