उत्तराखंडखेलटिहरी गढ़वाल

नरेंद्रनगर की खो-खो टीमों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में मारी बाजी

अंडर-19 और अंडर-17 बालक वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

नई टिहरी, 1 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता की जनपद स्तरीय स्पर्धाओं में नरेंद्रनगर विकासखंड की खो-खो टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरी सफलता हासिल की है। नरेंद्रनगर की टीमों ने अंडर-19 एवं अंडर-17 बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा।

प्रतियोगिता के दौरान दोनों वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और बेहतर टीम समन्वय का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए दोनों वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने विजेता टीमों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और टीम भावना के बल पर जनपद के खिलाड़ी खेलों के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिताओं के लिए भी इसी लगन और मेहनत के साथ अभ्यास जारी रखने का आह्वान किया। नरेंद्रनगर की दोनों खो-खो टीमों की इस सफलता से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button