सुमन पार्क और नई टिहरी मार्केट के सौंदर्यीकरण कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण
फाउंटेन को चालू करने, सुमन जी की प्रतिमा पर छतरी लगाने और सेल्फी बोर्ड को ऊंचाई पर स्थापित करने के निर्देश




नई टिहरी, 1 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को नई टिहरी स्थित सुमन पार्क और नई टिहरी मार्केट का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्क और बाजार क्षेत्र को बेहतर, आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुमन पार्क के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्क में उपलब्ध सुविधाओं और सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पार्क में स्थापित सेल्फी बोर्ड को उचित ऊंचाई पर लगाने, खराब पड़े फाउंटेन को कार्यशील स्थिति में लाने तथा श्री सुमन जी की प्रतिमा के ऊपर छतरी/हट स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क की व्यवस्थाओं को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और पार्क का आकर्षण भी बढ़े।

इसके बाद जिलाधिकारी ने नई टिहरी मार्केट में चल रहे फसाड डिजाइन एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए बाजार क्षेत्र में प्रस्तावित म्यूरल और वॉल पेंटिंग के डिजाइनों का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित डिजाइन एवं स्वरूप के अनुरूप कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नई टिहरी के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं बाजार क्षेत्र के सौंदर्यीकरण से शहर के स्वरूप में सकारात्मक बदलाव आएगा। ऐसे कार्यों में गुणवत्ता, आकर्षण के साथ-साथ आमजन और आगंतुकों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहन रावत, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल चंबा सीपीएस रावत, राष्ट्रीय राजमार्ग से एएई पंकज बडोनी, कार्यदायी संस्था गौतम कंस्ट्रक्शंस के प्रतिनिधि उत्तम सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।





