उत्तराखंडखेलटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

राज्य स्तरीय शरदकालीन कबड्डी प्रतियोगिता में देहरादून का दबदबा, तीनों वर्गों में जीते खिताब

पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 24वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में देहरादून बना चैंपियन

मुनि की रेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 24वीं राज्य स्तरीय शरदकालीन विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के तीनों वर्गों अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में देहरादून की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए। तीनों वर्गों में जीत दर्ज करने के साथ ही देहरादून ने ओवरऑल चैंपियनशिप पर भी कब्जा जमाया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया।

अंडर-14 में देहरादून ने रुद्रप्रयाग को हराया

अंडर-14 बालक वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में देहरादून की टीम ने ऊधमसिंह नगर को कड़े मुकाबले में 33-31 से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में रुद्रप्रयाग ने उत्तरकाशी को 31-23 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

खिताबी मुकाबले में देहरादून और रुद्रप्रयाग की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। देहरादून ने बेहतरीन तालमेल और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए रुद्रप्रयाग को 37-21 से शिकस्त दी और अंडर-14 वर्ग की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। रुद्रप्रयाग की टीम उपविजेता रही।

अंडर-17 वर्ग के फाइनल में नैनीताल को दी शिकस्त

अंडर-17 बालक वर्ग में भी देहरादून की टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। सेमीफाइनल मुकाबले में देहरादून ने हरिद्वार को 42-19 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में नैनीताल ने उत्तरकाशी को 26-19 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

फाइनल में देहरादून ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। टीम ने बेहतर रणनीति और आक्रामक खेल के दम पर नैनीताल को 39-20 से हराकर अंडर-17 वर्ग का खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ देहरादून ने प्रतियोगिता में अपना दूसरा खिताब हासिल किया।

अंडर-19 में ऊधमसिंह नगर को हराकर पूरी की खिताबी हैट्रिक

अंडर-19 बालक वर्ग में भी देहरादून की टीम ने अपना दबदबा कायम रखा। पहले सेमीफाइनल में ऊधमसिंह नगर ने हरिद्वार को 19-12 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में देहरादून ने रुद्रप्रयाग को 41-20 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

फाइनल में देहरादून और ऊधमसिंह नगर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20-12 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ देहरादून ने अंडर-19 वर्ग का खिताब भी अपने नाम कर लिया। इस प्रकार टीम ने तीनों आयु वर्गों में विजेता बनकर प्रतियोगिता में खिताबी हैट्रिक पूरी की और ओवरऑल चैंपियनशिप हासिल की।

विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन की सराहना की।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक विजयपाल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी प्रतापनगर दीपक कुमार और संयोजक विद्यालय श्री पूर्णानंद इंटर कॉलेज, मुनि की रेती के प्रधानाचार्य अजीत पाल रौथाण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में सहयोगियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला समन्वयक विनोद नेगी, अंतरराष्ट्रीय रेफरी मनोज नेगी, व्यायाम शिक्षक धीरेंद्र सिंह असवाल, राजपाल नेगी, निश्चल यशपाल रावत, दिनेश रावत, युद्धवीर सिंह पुंडीर, आजाद बिष्ट, दिनेश बिष्ट और नवीन बड़ोनी सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न जनपदों के विद्यालयी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। वहीं, देहरादून की टीम ने तीनों वर्गों में जीत हासिल कर राज्य स्तरीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।

Related Articles

Back to top button