उत्तराखंडदेहरादूननिरीक्षण

महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण

प्रतिमाह 60 से 70 मामले पहुंच रहे केंद्र में, घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों से जुड़े अधिकांश प्रकरणों की मध्यस्थता से हो रही सुनवाई

देहरादून,12 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने सोमवार को देहरादून स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में दर्ज मामलों, उनके निस्तारण की स्थिति तथा पीड़ित महिलाओं को दी जा रही विधिक और मनोवैज्ञानिक परामर्श सेवाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रशासिका माया नेगी ने अध्यक्ष को बताया कि वन स्टॉप सेंटर में प्रतिमाह लगभग 60 से 70 मामले दर्ज होते हैं। इनमें अधिकांश मामले घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों से संबंधित होते हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र की ओर से अधिकांश मामलों का निस्तारण आपसी समझाइश और मध्यस्थता के माध्यम से किया जाता है, जबकि शेष मामलों में विशेषज्ञों द्वारा नियमित काउंसिलिंग की जा रही है।

पीड़ित महिलाओं को मिले सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण

महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने केंद्र की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संकटग्रस्त महिलाओं को सुरक्षित, संवेदनशील और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें समय पर सहायता और न्याय दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने काउंसिलिंग प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि पारिवारिक विवादों के समाधान में संवेदनशीलता और उचित परामर्श की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्र में आने वाली महिलाओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ ही उनके मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रशासिका माया नेगी, काउंसलर मीनाक्षी, केस वर्कर शिवांशी डबराल, आधार वर्मा सहित वन स्टॉप सेंटर के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button