उत्तराखंडजनता दरबारटिहरी गढ़वाल

जनता दरबार में 21 शिकायतें दर्ज, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सुनीं जनसमस्याएं, पेयजल, सड़क, पेंशन और भूमि विवाद से जुड़े मामले उठे

नई टिहरी, 12 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): जिला सभागार में सोमवार को प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न समस्याओं से संबंधित 21 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन, सड़क मरम्मत और भूमि विवाद से जुड़े मामले उठे। सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निस्तारित प्रकरणों को तत्काल पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान टिहरी के वार्ड संख्या-8 में सड़कों की मरम्मत और डेंजर जोन ठीक कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया। ग्राम बेरनी के प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत तथा पेयजल लाइन की खुदाई से क्षतिग्रस्त मकान की सुरक्षा दीवार के मामले में भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वहीं, मदन नेगी क्षेत्र में दाखिल-खारिज लंबित होने, बौराड़ी में भूमि आवंटन एवं अवैध निर्माण और आवासीय भवन में पानी के रिसाव से जुड़ी शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, एसडीएम कमलेश मेहता, डीडीओ मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button