उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगरसांस्कृतिक कार्यक्रम

कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में स्कूली बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी गीतों पर दीं मनमोहक प्रस्तुतियां, सुबह पांच बजे तक जमा रहे दर्शक

नरेंद्र नगर/टिहरी(दिलीप शर्मा): सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या स्कूली बच्चों के नाम रही। क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकगीतों पर पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कड़ाके की ठंड के बावजूद सांस्कृतिक कार्यक्रम सुबह पांच बजे तक चला और दर्शक भोर तक पंडाल में डटे रहे।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

प्रतियोगितात्मक सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अनिवार्य श्रेणी के बालिका वर्ग में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, नरेंद्रनगर ने प्रथम, राजमाता बालिका इंटर कॉलेज, भागीरथीपुरम (नई टिहरी) ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नरेंद्रनगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में माउंट कार्मल क्रिश्चियन एकेडमी, नरेंद्रनगर प्रथम और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, देवधार द्वितीय स्थान पर रहा।

ऐच्छिक श्रेणी में भी विद्यालयों के बीच रही प्रतिस्पर्धा

ऐच्छिक श्रेणी के बालिका वर्ग में माउंट कार्मल क्रिश्चियन एकेडमी, नरेंद्रनगर ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज दौंक, जौनपुर ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नरेंद्रनगर ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, बालक वर्ग में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, नरेंद्रनगर प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज दौंक, जौनपुर द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नरेंद्रनगर तृतीय स्थान पर रहा।

शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ कार्यक्रम

मेला समिति के पदाधिकारियों ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उत्साह और प्रतिभा की प्रशंसा की। पुलिस प्रशासन और मेला समिति की सतर्कता के चलते पूरी रात व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button