



ऋषिकेश, 13 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता प्रदान की। मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि के 20 चेक वितरित किए।

इस दौरान गरीब कन्याओं के विवाह, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्राथमिकता देते हुए सहायता राशि प्रदान की गई। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक संकट से जूझ रहे लोगों को समय पर राहत मिल सके।
उन्होंने शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों, बेसहारा और असहाय लोगों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जरूरतमंदों को आर्थिक राहत उपलब्ध कराने में मुख्यमंत्री राहत कोष महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, अरविंद चौधरी, ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि धर्मेंद्र ग्वाड़ी, जगदंबा रतूड़ी, संजय ध्यानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





