उत्तराखंडजनहितटिहरी गढ़वाल

टिहरी में 723 स्थानों पर लगीं सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें

मात्र ढाई रुपये में मिल रहा सेनेटरी पैड, अधिकांश स्थानों पर इस्तेमाल किए गए पैड के निस्तारण की भी व्यवस्था

टिहरी गढ़वाल(दिलीप शर्मा): महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें किफायती दर पर सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। बाल विकास विभाग के माध्यम से जनपद में 723 स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इन मशीनों से मात्र ढाई रुपये में एक सेनेटरी पैड उपलब्ध हो रहा है। वहीं, अधिकांश स्थानों पर इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण के लिए भी व्यवस्था की गई है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि महिलाओं और किशोरी बालिकाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों, बालिका विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर ये मशीनें स्थापित की गई हैं। मशीन में पांच रुपये का सिक्का डालने पर दो सेनेटरी पैड प्राप्त किए जा सकते हैं। इससे जरूरत के समय कम कीमत पर स्वच्छता सामग्री उपलब्ध हो रही है।

 

उन्होंने कहा कि माहवारी स्वच्छता महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सेनेटरी पैड की सुलभ उपलब्धता से उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलती है। मशीनों की उपयोगिता और आवश्यकता के आधार पर भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को इसका लाभ मिल सके।

 

इस्तेमाल किए गए पैड के निस्तारण की भी व्यवस्था

सेनेटरी पैड की उपलब्धता के साथ पर्यावरणीय स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए अधिकांश स्थानों पर सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीनें (इनसिनरेटर) भी स्थापित की गई हैं। इन उपकरणों के माध्यम से उच्च तापमान पर इस्तेमाल किए गए पैड का निस्तारण किया जाता है। इससे खुले में पैड फेंकने की समस्या कम करने और आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिल रही है।

मशीनों की रिफिलिंग और संचालन पर जोर

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि वेंडिंग मशीनों की नियमित रिफिलिंग और उनके सुचारु संचालन पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जरूरत के समय महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध हो सकें। पैड की किफायती उपलब्धता के साथ सुरक्षित निस्तारण की सुविधा से माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने और अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने में भी मदद मिल रही है।

जनपद में 723 स्थानों पर मशीनों की स्थापना को महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुविधा तथा स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस पहल से उन्हें कम कीमत पर सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button