

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): परमार्थ निकेतन में दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति, साधना और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती एवं साध्वी भगवती सरस्वती के पावन सान्निध्य में तीन दिवसीय ‘डिस्कवरिंग द लाइट विदिन’ आध्यात्मिक रिट्रीट आयोजित किया गया। इसमें भारत सहित विभिन्न देशों के प्रतिभागी योग, ध्यान, आयुर्वेद, नाद योग और सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि जीवन को संस्कारित करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम हैं। धनतेरस स्वास्थ्य और आरोग्य, छोटी दीपावली स्वच्छता एवं नकारात्मकता के त्याग, दीपावली ज्ञान और सद्भाव, गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण तथा भाई दूज पारिवारिक प्रेम का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि पर्वों की सार्थकता तभी है, जब उनके संदेश हमारे व्यवहार में दिखाई दें। बच्चों को पर्वों के पीछे छिपे संस्कारों और जीवन मूल्यों से परिचित कराना आवश्यक है। पर्व हमें अपनी संस्कृति और मूल से जोड़ते हैं।
साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि दीपावली का संदेश प्रकाश और खुशियां बांटने का है। हमें अपने घर के साथ ऐसे जरूरतमंद परिवारों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाना चाहिए, जहां अभाव के कारण उत्सव की रोशनी नहीं पहुंच पाती।
दीपावली के अवसर पर परमार्थ निकेतन में श्रीसूक्तम् मंत्रोच्चार, मां लक्ष्मी की आराधना, रंगोली सज्जा, दीप प्रज्ज्वलन, हवन और मां गंगा की दिव्य आरती सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमार भजन, कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं का संदेश दे रहे हैं।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने सभी से दीपावली पर संस्कार, सेवा, सद्भाव और विश्व कल्याण का संकल्प लेने का आह्वान किया।



