पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, चार नामजद समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दीपावली पार्टी से लौट रहे युवक और उसके दोस्तों का गंगानगर में रोका रास्ता, मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल; घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): पुरानी आपसी रंजिश के चलते दीपावली पार्टी से घर लौट रहे एक युवक और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास पांच लोगों ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर एकराय होकर मारपीट शुरू कर दी। हमले में युवक को गंभीर एवं अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर ऋषिकेश पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, तिलक रोड निवासी कृष्ण डुडेजा पुत्र जय प्रकाश डुडेजा ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया कि 9 नवंबर की सुबह करीब 3:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ दीपावली पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास शिवांश गुप्ता और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर सभी ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। हमले में वादी को गंभीर और अंदरूनी चोटें आईं। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत और प्रस्तुत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 588/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 109(1), 351(3), 352, 191(2) और 126(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम, साक्ष्य संकलन शुरू
पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। विवेचना के दौरान घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
नामजद आरोपियों के नाम:
- शिवांश गुप्ता पुत्र अतुल गुप्ता।
- पार्थ राजपूत।
- अनिकेत राजपूत।
- ध्रुविश चौधरी।
- एक अन्य अज्ञात व्यक्ति।



