आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से बना उत्तराखंड, शहीदों के सपनों का राज्य बनाना हम सभी की जिम्मेदारी : किशोर उपाध्याय
राज्य स्थापना दिवस पर विधायक ने आंदोलनकारियों को किया सम्मानित, जिलाधिकारी ने विकास में सामूहिक सहभागिता का किया आह्वान

नई टिहरी(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड राज्य का 26वां स्थापना दिवस सोमवार को जनपद मुख्यालय नई टिहरी सहित जिले की सभी तहसीलों में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य समारोह प्रताप इंटर कॉलेज, नई टिहरी के प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि तथा जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अध्यक्षता की। समारोह का शुभारंभ राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनपद के आंदोलनकारियों को फूलमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने प्रदेश एवं जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य प्राप्ति के लिए अनेक लोगों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके संघर्षों के परिणामस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। आज राज्य अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह अवसर राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और शहीदों को याद करने के साथ ही उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लेने का भी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश से विशेष लगाव रहा है और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं से राज्य को विकास के क्षेत्र में सहयोग मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। इसी क्रम में आंदोलनकारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए समिति का गठन किया गया है।
विधायक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता एवं जनभावनाओं के प्रतीक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए जिला मुख्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने सभी से प्रदेश की एकता, संस्कृति, परंपराओं और विकास को आगे बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना सामूहिक जिम्मेदारी : जिलाधिकारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य अनेक आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहादत के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के सपनों को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने का भी दिन है कि हम अपने प्रदेश को विकास, खुशहाली और आत्मनिर्भरता की दिशा में किस प्रकार आगे ले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में टिहरी जनपद का विशेष एवं ऐतिहासिक योगदान रहा है। आंदोलन के कई प्रमुख कर्णधार इसी जनपद की धरती से जुड़े रहे हैं। ऐसे में राज्य के विकास में टिहरी की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। राज्य गठन के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए। यही राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विभागीय स्टॉलों के माध्यम से दी योजनाओं की जानकारी
स्थापना दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
वहीं, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और समृद्ध विरासत की मनमोहक झलक दिखाई। इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
समारोह में अन्य पिछड़ा आयोग परिषद के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, पूर्व राज्य मंत्री अब्बल सिंह बिष्ट एवं अतर सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, नगर पालिका चम्बा की अध्यक्ष शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल, दिनेश डोभाल, आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष राकेश भूषण गोदियाल, किशन रावत, सोमदत्त उनियाल, सुंदर लाल उनियाल, ज्योति भट्ट, गोविन्द रावत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


