उत्तराखंडऋषिकेशहादसा

नीम बीच पर गंगा में डूबा दिल्ली का 22 वर्षीय युवक, SDRF ने 25 फीट गहराई से निकाला शव

सात दोस्तों के साथ तपोवन घूमने आया था युवक, तेज बहाव की चपेट में आने से हुआ हादसा; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

ऋषिकेश, 9 नवंबर(दिलीप शर्मा): तपोवन क्षेत्र के नीम बीच स्थित पांडव पत्थर के समीप गंगा नदी में नहाते समय दिल्ली का एक 22 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, जल पुलिस और तपोवन पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ के प्रशिक्षित डीप डाइवर ने स्कूबा डाइविंग की मदद से करीब 20 से 25 फीट गहराई से युवक को बरामद किया। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय एसपीएस ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोपहर करीब 12:10 बजे थाने की मोबाइल ड्यूटी टीम (एमडीटी) को सूचना मिली कि तपोवन क्षेत्र में नीम बीच के पास पांडव पत्थर के समीप एक युवक गंगा में बह गया है। सूचना पर तपोवन चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। जांच में युवक की पहचान आशीष पुत्र मनोज, उम्र 22 वर्ष, निवासी फेस-3, मयूर विहार, दिल्ली के रूप में हुई।

बताया गया कि आशीष अपने सात अन्य दोस्तों के साथ दिल्ली से तपोवन घूमने आया था। सभी युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आशीष तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। साथियों की सूचना पर पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की।

वहीं, एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से पहुंची रेस्क्यू टीम ने नदी की गहराई और तेज बहाव को देखते हुए विशेष सर्च अभियान चलाया। प्रशिक्षित डीप डाइवर पंकज सिंह ने स्कूबा डाइविंग उपकरणों की सहायता से गंगा की गहराई में तलाश की और करीब 20 से 25 फीट नीचे से युवक को बरामद कर बाहर निकाला।

इसके बाद युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय एसपीएस ऋषिकेश भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद युवक के साथ आए दोस्तों में शोक का माहौल है।

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के एएसआई विजेंद्र कुड़ियाल, कांस्टेबल मातबर सिंह, रविंद्र सिंह, अनूप रावत, पंकज बिष्ट और यूपीएनएल कर्मी सुमित सहित जल पुलिस एवं स्थानीय पुलिस की टीम शामिल रही।

Related Articles

Back to top button