उत्तराखंडऋषिकेश

मधुबन आश्रम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन महोत्सव, भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किया 56 भोग

गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना, प्रवचन, आरती और संकीर्तन में उमड़े श्रद्धालु; भंडारे में ग्रहण किया प्रसाद

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): मधुबन आश्रम में गोवर्धन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में गोवर्धन महाराज को विधि-विधान के साथ 56 भोग अर्पित किए गए। धार्मिक आयोजन के दौरान प्रवचन, पूजा-अर्चना, आरती एवं हरिनाम संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थित अतिथियों के लिए प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

इस अवसर पर मधुबन आश्रम के अध्यक्ष श्री परमानंद दास जी महाराज ने अपने प्रवचन में गोवर्धन पूजा के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को किसी भी प्रकार का अहंकार पसंद नहीं है। इसी संदेश को स्थापित करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र का अभिमान दूर करने के उद्देश्य से सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर धारण किया था। इस प्रसंग से हमें सीख मिलती है कि मनुष्य को कभी अहंकार नहीं करना चाहिए और सदैव विनम्रता एवं श्रद्धा का भाव बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवान को सच्चे मन, प्रेम और श्रद्धाभाव से स्मरण करना चाहिए। हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से व्यक्ति अपने मन को शुद्ध कर आध्यात्मिक शांति प्राप्त कर सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चलने और भक्ति भाव को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

प्रवचन के दौरान आश्रम अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं के साथ ‘हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे। हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे’ महामंत्र का संकीर्तन भी किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण, पूर्व अध्यक्ष श्री शिवमूर्ति कंडवाल, रोशन रतूड़ी, समाजसेवी कमल सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूर्यचंद चौहान, मुनिकीरेती पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष संजय बडोला, आशीष कुकरेती, दिलीप शर्मा, सुनील कंडवाल, नवीन अग्रवाल, नितिन गुप्ता, सुदामा सिंघल, दिनेश कोठारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button