उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेतीसफाई अभियान

खाराश्रोत में सूखे कूड़े के विरुद्ध विशेष सफाई अभियान, 2 कुंटल कचरा एकत्र

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला व रामझूला विक्रम यूनियन ने संयुक्त रूप से चलाया अभियान

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्म): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा रामझूला विक्रम यूनियन के सदस्यों के सहयोग से खाराश्रोत क्षेत्र में सूखे कूड़े के विरुद्ध विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र से लगभग 02 कुंटल सूखा कूड़ा एकत्र कर खाराश्रोत स्थित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र भेजा गया।
यह अभियान शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देशों तथा पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के आदेशों के अनुपालन में संचालित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नगर क्षेत्र में यह विशेष सफाई अभियान 31 दिसंबर से 05 जनवरी तक चलाया जा रहा है।

शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद की टीम एवं रामझूला विक्रम यूनियन के सदस्य खाराश्रोत स्थित टैंपो स्टैंड पर एकत्र हुए। इसके पश्चात समीपवर्ती जंगल क्षेत्र में संयुक्त रूप से सूखे कूड़े के विरुद्ध सफाई अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने आमजन से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील करते हुए स्वच्छता बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करने का आह्वान किया।

अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, सफाई सुपरवाइजर बाबू सिंह, पर्यावरण मित्रों के साथ ही रामझूला विक्रम यूनियन के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button