उत्तराखंडकावड़ मेलारायवाला

गंगा में नहाते समय बहे युवक की SDRF द्वारा तलाश जारी, चेतावनी के बावजूद की थी अनदेखी

रायवाला (देहरादून), 22 जुलाई 2025 – थाना रायवाला क्षेत्र अंतर्गत हरिपुर कलां स्थित गीता कुटीर के समीप एक युवक गंगा नदी में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलने पर SDRF ढालवाला, ऋषिकेश की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह (27 वर्ष), पुत्र श्री महेन्द्र सिंह, निवासी बातोड़, थाना अलीपुर, जिला पंचकूला (हरियाणा), अपने अन्य साथियों के साथ गीता कुटीर क्षेत्र में गंगा स्नान के लिए आया था। मौके पर मौजूद चीता पुलिस टीम ने युवकों को गंगा में नहाने से मना किया था, किंतु चेतावनी के बावजूद सभी युवक गहरे पानी में उतर गए।

इसी दौरान वीरेंद्र सिंह गंगा की तेज धारा में संतुलन खो बैठा और बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम राफ्ट और सुरक्षा उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। युवक के अन्य साथी अभी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति से आहत हैं।

पुलिस एवं SDRF की टीमें संयुक्त रूप से लापता युवक की तलाश में जुटी हुई हैं। स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों व तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षित स्थलों के अतिरिक्त अन्य किसी स्थान पर न उतरें।

यह घटना एक बार फिर यह चेतावनी देती है कि गंगा के तेज बहाव को हल्के में लेना जानलेवा साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button