उत्तराखंडटिहरी गढ़वालपुलिस बुलेटिन

‘मिशन मुस्कान’ बना भरोसे की मिसाल, टिहरी पुलिस ने 147 गुमशुदा मोबाइल लौटाकर बिखेरी खुशियां

एसएसपी श्वेता चौबे के नेतृत्व में आधुनिक तकनीक और संवेदनशील पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण, ₹25 लाख से अधिक कीमत के मोबाइल वास्तविक स्वामियों को किए सुपुर्द

 

टिहरी गढ़वाल(दिलीप शर्मा): पुलिस की कार्यशैली केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की भावनाओं और विश्वास की रक्षा करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसका उत्कृष्ट उदाहरण टिहरी पुलिस ने एक बार फिर प्रस्तुत किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में संचालित ‘मिशन मुस्कान’ के तहत वर्ष 2026 में जनपद पुलिस ने 147 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए हैं। करीब 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य के इन मोबाइल फोन की बरामदगी ने न केवल लोगों की आर्थिक क्षति की भरपाई की, बल्कि उनसे जुड़ी अनमोल यादें, जरूरी दस्तावेज और पारिवारिक तस्वीरें भी सुरक्षित वापस दिला दीं।

टिहरी पुलिस ने आधुनिक तकनीक, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी पुलिसिंग का बेहतरीन समन्वय करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। बरामद मोबाइलों में 46 मोबाइल सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से विभिन्न राज्यों से ट्रेस कर बरामद किए गए, जबकि 101 मोबाइल स्थानीय नागरिकों और टिहरी भ्रमण पर आए विभिन्न राज्यों के पर्यटकों के थे, जिन्हें खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया गया।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने भावुक होकर कहा कि उन्हें अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, लेकिन टिहरी पुलिस की सक्रियता, तकनीकी दक्षता और संवेदनशील कार्यशैली ने उनका भरोसा और मजबूत कर दिया।

टिहरी पुलिस की मानवीय पहल भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। जिन पर्यटकों के मोबाइल जनपद में भ्रमण के दौरान गुम हो गए थे और वे अपने गृह राज्यों को लौट चुके हैं, उनसे संपर्क स्थापित कर उनके बरामद मोबाइल सुरक्षित रूप से कोरियर सेवा के माध्यम से उनके घर भेजे जा रहे हैं। पुलिस की इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है।

इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आमजन का विश्वास जीतना भी है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन आज केवल एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि व्यक्ति की महत्वपूर्ण जानकारियों और भावनात्मक यादों का हिस्सा होता है। टिहरी पुलिस तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से प्रत्येक पीड़ित को राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीईआईआर पोर्टल बना भरोसेमंद माध्यम

भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने, ब्लॉक करने तथा बरामद होने पर पुनः अनब्लॉक करने की सुविधा उपलब्ध कराता है। समय पर इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सकता है और उसके बरामद होने की संभावना भी काफी बढ़ जाती है।

जनता से अपील

टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी हो जाए तो तत्काल निकटतम थाना में सूचना दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक अवश्य कराएं। समय पर की गई कार्रवाई मोबाइल की सुरक्षा और बरामदगी दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

आधुनिक तकनीक, संवेदनशील कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पित टिहरी पुलिस ने ‘मिशन मुस्कान’ के माध्यम से यह साबित कर दिया है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की प्रहरी ही नहीं, बल्कि लोगों की उम्मीदों और विश्वास की भी सच्ची संरक्षक है।

Related Articles

Back to top button