ऋषिकेश पुलिस ने लूटकांड का खुलासा, 10,000 रुपये सहित चार शातिर आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने तीव्र कार्रवाई करते हुए वृद्ध दूध विक्रेता से मारपीट कर 10,000 रुपये लूटने वाले चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी नकदी भी बरामद कर ली है।
घटना का विवरण
18 नवंबर 2025 को शिकायतकर्ता गुलाम रसूल, निवासी सात मोड़ गिजरेड़ा, ने तहरीर दी थी कि 17 नवंबर की शाम वह सरकारी अस्पताल के पास बाल्मीकि बस्ती रोड पर दूध बेचने के बाद सड़क किनारे बैठकर पैसे गिन रहा था। इसी दौरान चार अज्ञात युवक पहुंचे और उसके साथ मारपीट कर 10,000 रुपये व पर्स छीनकर फरार हो गए। मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
कैमरों की जांच और पुलिस टीम की मेहनत से सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने क्षेत्र के 110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। 19 नवंबर को एम्स रोड क्षेत्र में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. अमन भण्डारी (22 वर्ष), निवासी ढालवाला — बरामदगी: 4,000 रुपये
2. कैलाश (37 वर्ष), निवासी मायाकुण्ड — बरामदगी: 4,000 रुपये
3. पंकज सिंह (30 वर्ष), निवासी ढालवाला — बरामदगी: 1,000 रुपये
4. आकाश उर्फ गोलू (22 वर्ष), निवासी कुम्हारवाड़ा — बरामदगी: 1,000 रुपये
चारों आरोपियों से कुल 10,000 रुपये चार पारदर्शी डिब्बों में बरामद किए गए।
आपराधिक इतिहास और पूछताछ में खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सभी नशे के आदि हैं तथा नशे की पूर्ति के लिए आते-जाते लोगों से मोबाइल, पैसे व अन्य सामान की छीना-झपटी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में अमन, पंकज और आकाश के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कैलाश के पुराने अपराधों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अन्य जिलों एवं बाहरी राज्यों से भी उनका आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक दिनेश राणा
अ०उ०नि० राजकुमार
कानि० रमेश मैठाणी
कानि० यशपाल
का० साहब सिंह
का० दिनेश महर
का० अभिषेक
का० सौरभ
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस की तत्परता और सतर्कता से लूट की वारदात का त्वरित खुलासा हो सका।









