हाई अल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन से बढ़ेगा उत्तराखंड पर्यटन, मुख्यमंत्री धामी ने दिए आयोजन के निर्देश
देहरादून, सोमवार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाई अल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन की शुरुआत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मैराथन कुमाऊं क्षेत्र में गुंजी से आदि कैलाश और गढ़वाल क्षेत्र में नीति-माणा से मलारी तक आयोजित की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह आयोजन वार्षिक पर्यटन कैलेंडर में शामिल करने और हर वर्ष निर्धारित तिथि पर इसका नियमित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसे उत्तराखंड के साहसिक और आध्यात्मिक पर्यटन को विश्वपटल पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाए जाने तथा प्रभावितों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ एवं सोलर फेंसिंग की विस्तृत योजना तैयार करने को भी कहा गया।
इस बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।









