
देहरादून (दिलीप शर्मा) : उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 9 नवम्बर को पूरे प्रदेश में भव्य रजत जयंती उत्सव मनाया जाएगा। मुख्य राज्य स्तरीय समारोह देहरादून स्थित फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को सीधे एफआरआई पहुंचे और आयोजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, यातायात प्रबंधन, सांस्कृतिक मंच और स्वागत तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस का यह ऐतिहासिक अवसर गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की 25 वर्ष की विकास यात्रा, संघर्ष और उपलब्धियों का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सान्निध्य में यह रजत जयंती समारोह प्रदेश के लिए प्रेरणादायक अवसर सिद्ध होगा।
निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरुप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









