उत्तराखंडएम्स ऋषिकेशस्वास्थ्य शिविर

एम्स के टेलिमेडिसिन स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक लोगों की जांच

आरवीएनएल कर्मियों और श्रमिकों के लिए दो दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित

ऋषिकेश, 10 सितंबर– एम्स ऋषिकेश के तत्वावधान में रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना से जुड़े कर्मचारियों, श्रमिकों एवं उनके परिजनों के लिए दो दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 150 से अधिक लोगों की जांच की गई, जिनमें मधुमेह, हाईपरटेंशन, डस्ट एलर्जी, त्वचा संक्रमण समेत कई बीमारियों के मरीज सामने आए।

टेलिमेडिसिन से मिला विशेषज्ञों का परामर्श

एम्स निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 9 और 10 सितंबर को टेलिमेडिसिन वैन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में टेलिमेडिसिन सेवा से जुड़े चिकित्सक डॉ. विवेक मलिक, डॉ. ख्याति गुप्ता और जनरल मेडिसिन के सीनियर रेजिडेंट डॉ. रंगनाथ ने मरीजों का सघन परीक्षण किया।

ईएनटी, एंडोक्राइन, डर्माटोलॉजी, डायबिटीज, हाईपरटेंशन, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और मनोरोग संबंधी बीमारियों के लक्षण वाले मरीजों को टेलिमेडिसिन के जरिए विशेषज्ञों से परामर्श दिया गया। वहीं, गंभीर बीमारियों के लक्षण पाए जाने पर मरीजों को एम्स ऋषिकेश की नियमित ओपीडी में जांच कराने की सलाह दी गई।

भविष्य में भी मिलेगा परामर्श

संस्थान के पीपीएस श्री विनीत कुमार और टेलिमेडिसिन सेवा के प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों को समय-समय पर टेलिमेडिसिन सेवा के जरिए परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन में टेलिमेडिसिन विभाग के प्रतिनिधि शुभम सेंगल और धीरज ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button