उत्तराखंड

ऋषिकेश में स्वामी चिदानंद सरस्वती के हाथों फिल्म ‘डीएफओ डायरी फॉरेस्ट वॉरियर्स’ का पोस्टर व गीत का लोकार्पण

उत्तराखंड के जंगलों के गुमनाम योद्धाओं को समर्पित सिनेमाई श्रद्धांजलि

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा) 29 अक्टूबर : परमार्थ निकेतन में स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज के कर-कमलों से हिंदी फीचर फिल्म ‘डीएफओ डायरी फॉरेस्ट वॉरियर्स’ का पोस्टर अनावरण एवं गीत ‘राही ओ राही’ का लोकार्पण किया गया। फिल्म उत्तराखंड के जंगलों में लगी 2024 की बिन्सर वनाग्नि और उसमें शहीद हुए वन योद्धाओं से प्रेरित है।

फिल्म का निर्देशन महेश भट्ट ने किया है तथा इसका कॉन्सेप्ट आईएफएस अधिकारी बीजू लाल का है। पैन-इंडिया रिलीज होने जा रही यह एपिसोडिक फिल्म डीएफओ विजय की डायरी पर आधारित है, जिसमें जंगलों की आग, वन माफियाओं और पर्यावरण संरक्षण की जंग को दर्शाया गया है।

फिल्म के तीन प्रमुख चैप्टर क्रमशः रविन्द्रनाथ टैगोर की वीरान हवेली की खोज, लकड़ी माफियाओं से मुठभेड़ और जंगलों की भीषण आग से जूझते वन रक्षकों की कहानी को समर्पित हैं।

गीत ‘राही ओ राही’ को पद्मश्री कैलाश खेर ने स्वर दिया है, जबकि प्रेरक गीत ‘भागीरथों पुनः उठो’ बीजू लाल आईएफएस ने गाया है। फिल्म की शूटिंग नैनीताल, भवाली, पंगोट, रामगढ़ और मुक्तेश्वर की खूबसूरत वादियों में हुई है।

‘डीएफओ डायरी फॉरेस्ट वॉरियर्स’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक प्रेरक आंदोलन है, जो प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण योद्धाओं के त्याग को श्रद्धांजलि देता है। यह फिल्म हिंदी सहित क्षेत्रीय भाषाओं में देशभर में एक साथ प्रदर्शित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button