उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश में “देवभूमि राष्ट्रीय संवाद 2026” का भव्य आयोजन, ‘राष्ट्र प्रथम’ पर हुआ सार्थक विमर्श

पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त उदय माहुरकर ने राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक चेतना पर रखे प्रभावशाली विचार, हाउस ऑफ़ हेल्प फ़ाउंडेशन की पहल को बताया महत्वपूर्ण

 

 

ऋषिकेश, 19 जनवरी(दिलीप शर्मा): हाउस ऑफ़ हेल्प फ़ाउंडेशन ऋषिकेश की ओर से हरिद्वार रोड स्थित एक वैडिंग प्वाइंट में सोमवार को “देवभूमि राष्ट्रीय संवाद 2026” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। “राष्ट्र प्रथम” की मूल भावना पर आधारित इस संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक पुनर्जागरण एवं समकालीन चुनौतियों पर गहन विमर्श हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त भारत सरकार एवं वरिष्ठ पत्रकार उदय माहुरकर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र की सांस्कृतिक आत्मा की रक्षा ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत की सच्ची आधारशिला है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना हम सभी का दायित्व है।

राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त गिरीश डोभाल ने उदय माहुरकर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से न केवल समाज को दिशा दी है, बल्कि भारतीय संस्कृति और हिंदुत्व के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य किया है। उन्होंने बताया कि उदय माहुरकर द्वारा लिखित अनेक पुस्तकें राष्ट्रवादी चिंतन को सशक्त आधार प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तरियाल ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम समाज में वैचारिक जागरण का कार्य करते हैं और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। वहीं गौरांग सिंह परमार, महंत सच्चिदानंद शास्त्री एवं राघवेन्द्र भटनागर ने भी अपने विचार रखते हुए राष्ट्रवादी चिंतन और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

समग्र रूप से “देवभूमि राष्ट्रीय संवाद 2026” राष्ट्रवादी विचारधारा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण एवं वैचारिक संवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।

इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री प्रतीक कालिया, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, सुश्री श्रेय जोशी, श्रीमती कनिका जैन, प्रख्यात समाजसेवी एवं सामाजिक उद्यमी श्रीमती शुभांगी रैना, श्रीमती माधवी गुप्ता, सक्षम अग्रवाल, लक्ष्झ चौहान, मानिक बंसल, मुकुल यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. आदित्य गौतम एवं दिनेश सती ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में हाउस ऑफ़ हेल्प फ़ाउंडेशन ऋषिकेश की ओर से उपस्थित सभी पत्रकारों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button