उत्तराखंडऋषिकेश

मॉनसून सीजन में बीमारियों की रोकथाम को लेकर नगर निगम अलर्ट

महापौर शंभू पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

ऋषिकेश, 30 अगस्त– बस अड्डा परिसर स्थित नगर निगम कार्यालय में शनिवार को महापौर शंभू पासवान की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मॉनसून सीजन को देखते हुए डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और समय रहते आवश्यक कदम उठाना रहा।

 

डेंगू फिलहाल नियंत्रण में, सतर्कता जरूरी : महापौर

महापौर पासवान ने बताया कि अभी तक नगर क्षेत्र में डेंगू के कुछ ही मामले सामने आए हैं और स्थिति नियंत्रण में है। बावजूद इसके नगर निगम प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि—

जहां वॉटर लॉगिंग (पानी जमा) की समस्या है, उन स्थानों की तुरंत पहचान की जाए।

ऐसे क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग, छिड़काव और आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाए जाएं।

संभावित लार्वा प्रभावित इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

महापौर ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था पर नगर निगम का विशेष फोकस है और निगम की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं।

घरों और कबाड़ी की दुकानों की होगी चेकिंग

मुख्य नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बैठक के दौरान निर्देश दिए कि घरों के आंगनों, कबाड़ी की दुकानों और अन्य ऐसे स्थानों की आकस्मिक चेकिंग की जाएगी, जहां पानी ठहरने की संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि मनसा देवी क्षेत्र में वन विभाग सुनिश्चित करे कि वहां पानी जमा न हो। यदि कहीं चेक डैम या बंध के कारण पानी ठहर रहा है तो उसकी सफाई कराई जाए और आवश्यकता पड़ने पर छिड़काव भी किया जाए।

सीवर और ओवरफ्लो की समस्या होगी दूर

सीवरेज विभाग को निर्देशित किया गया कि मद्रास कैफे और अन्य स्थानों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।

बैठक में शामिल अधिकारी

बैठक में मुख्य नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त रमेश सिंह रावत, सफाई निरीक्षक अमित नेगी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button