लक्ष्मण झूला रोड़ पर बंद घर में चोरी करने वाला गैंग का एक सदस्य गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई

देहरादून / ऋषिकेश, 11 जुलाई 2025 – कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ा गया अभियुक्त बीते दिनों लक्ष्मण झूला रोड़ स्थित एक बंद मकान में हुई चोरी में शामिल था। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।
घटना का विवरण
शिकायतकर्ता कमल थापा ने 29 जून को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी कि वह 25 जून को अपने परिवार सहित रिश्तेदारी में देहरादून गया था। जब वह अगले दिन लौटा तो देखा कि उसके घर का ताला टूटा हुआ था और अलमारी से सोना-चांदी व अन्य कीमती सामान गायब था। इस संबंध में थाना ऋषिकेश में तत्काल मु0अ0स0 329/2025 धारा 305(a)/331(4)BNS बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की सहायता से 11 जुलाई को एआरटीओ ऑफिस के पीछे रेलवे पटरी के पास दबिश देकर अभियुक्त अनुज पुत्र विनोद, निवासी माता वाला मोहल्ला, परीक्षितगढ़, मेरठ (उत्तर प्रदेश), उम्र 21 वर्ष को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। शेष तीन आरोपी अभी फरार हैं जिनकी गिरफ़्तारी के प्रयास किया जा रहा है।
पूछताछ में अहम खुलासे
पूछताछ में अभियुक्त ने कबूल किया कि उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर लक्ष्मण झूला रोड़ पर एक बंद घर में चोरी की थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी मेरठ में चोरी के मामले में जेल जा चुका है और खर्च चलाने के लिए चोरी करता है।
बरामद माल
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के पास से निम्नलिखित चोरी का माल बरामद किया गया –
एक पीली धातु का मंगलसूत्र, लोकेट, अंगूठी
02 जोड़ी सफेद धातु की पाजेब, 02 जोड़ी कड़े, चेन, लोकेट, सिक्का, प्लेट, चम्मच
26 सफेद धातु के मोती, 22 जोड़ी बिछुए
2 आला नकब (चोरी के औजार), ₹2500 नगद
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम
अनुज पुत्र विनोद
निवासी: माता वाला मोहल्ला, परीक्षितगढ़, मेरठ, उत्तर प्रदेश
उम्र: 21 वर्ष
आपराधिक इतिहास
पुलिस अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी उत्तराखंड के अन्य जिलों और बाहरी राज्यों से जुटा रही है।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक विनेश कुमार
अवर उपनिरीक्षक राजकुमार
कांस्टेबल विनीत कुमार (161)
कांस्टेबल अभिषेक कुमार (1533)
ऋषिकेश पुलिस का चोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।









