उत्तराखंड

गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्री गीता आश्रम में श्रद्धा-भक्ति के साथ सम्पन्न, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट रहीं मुख्य अतिथि

पौड़ी / श्री गीता आश्रम (ऋषिकेश), 10 जुलाई 2025 – श्री गीता आश्रम में आज गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। दूर-दराज़ से पधारे श्रद्धालु भक्तों ने ब्रह्मलीन गुरुदेव स्वामी वेदव्यास आनंद सरस्वती जी एवं ब्रह्मलीन स्वामी शांतानंद सरस्वती जी की मूर्तियों का विधिवत पूजन-अर्चन किया।
आश्रम में तीन दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम के अंतर्गत अखंड रामचरितमानस पाठ, गीता पाठ, यज्ञ, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक झांकियों का आयोजन किया गया। पानीपत से आई अनमोल पार्टी के कलाकारों ने धार्मिक झांकियों का सुंदर प्रदर्शन किया, वहीं भजन गायिका हनी एवं श्रीमती आरती ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
माता की चौकी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बिंदिया अग्रवाल, समाजसेवी इंद्रप्रकाश अग्रवाल, ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता, उपाध्यक्ष भारती गुप्ता, सचिव मुनेश त्यागी एवं उज्जवल गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। दिल्ली से पधारे भजन गायक बिट्टू शर्मा ने महामाई के भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर यमकेश्वर विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सर्वोपरि होता है। गुरु ही ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग दिखाते हैं एवं अज्ञान रूपी अंधकार से ज्ञान रूपी प्रकाश की ओर ले जाते हैं।
ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता ने कहा कि श्री गीता आश्रम में पूज्य गुरुदेव द्वारा प्रारंभ किए गए आध्यात्मिक कार्यों को ट्रस्ट द्वारा निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर गुरुदेव को श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं।
इस अवसर पर ट्रस्टीगणों में गिरीश शुक्ला, नरेंद्र गुप्ता, हरिकृष्ण भाटिया, कृष्णधार मिश्रा, राज नरेश शर्मा, हर्षपति उनियाल, श्रीमती प्रमिला शाह, अश्विनी शर्मा, केवल कृष्ण चोपड़ा, राकेश शर्मा, डॉ. बी. डी. गुप्ता, पवार जी, राजेश कुंद्रा, पंकज गुप्ता, सुधा महाजन, सुरेंद्र महाजन, पप्पू सहगल आदि उपस्थित रहे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों में त्रिवेंद्र नेगी (मंडल अध्यक्ष, भाजपा), जितेंद्र धाकड़, सभासद श्रीमती शकुंतला राजपूत, बंसीलाल नौटियाल, मोहन नगर, विकास भंडारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का संचालन भानु मित्र शर्मा द्वारा किया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता ने समस्त आगंतुकों का हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button