सिंहद्वार, हरिद्वार: हाईवे पर जाने की जिद पर अड़े कांवड़िए, पुलिस से हुई नोकझोंक — बाद मे नहर पटरी से जाने को हुए तैयार

हरिद्वार, 12 जुलाई 2025 – कांवड़ मेले की शुरुआत के साथ ही कांवड़ियों के हंगामे की खबरें भी सामने आने लगी हैं। ताजा मामला हरिद्वार के सिंहद्वार क्षेत्र का है, जहां कुछ कांवड़िए नहर पटरी की बजाय हाईवे से जाने की जिद पर अड़ गए। पुलिस द्वारा रोके जाने पर दोनों पक्षों के बीच बहस और नोकझोंक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़िए तय मार्ग को छोड़कर हाईवे से जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा और नियमों के मद्देनजर उन्हें रोका। इस पर कांवड़ियों ने विरोध जताया और बहस शुरू हो गई। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने संयम से काम लिया और समझा-बुझाकर कांवड़ियों को नहर पटरी से ही आगे बढ़ने के लिए राजी किया।
एसपी क्राइम जितेंद्र ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि कांवड़ पटरी विशेष रूप से कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बनाई गई है। कुछ कांवड़िए हाईवे से जाने पर अड़े थे, जिससे थोड़ी बहस जरूर हुई, लेकिन स्थिति को शांति से संभाल लिया गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जो लाठीचार्ज और झड़प के आरोप लगाए जा रहे हैं, वे निराधार हैं। पुलिस ने किसी भी प्रकार की सख्ती नहीं दिखाई और पूरी स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया।
प्रशासन ने सभी कांवड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही पालन करें ताकि मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।









