उत्तराखंडकांवड़ यात्रालक्ष्मण झूला

कांवड़ मेले की सुरक्षा को लेकर पौड़ी पुलिस का सत्यापन अभियान तेज़

थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में बाहरी दुकानदारों और कामगारों की कड़ी निगरानी, असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर

लक्ष्मणझूला (पौड़ी), 12 जुलाई 2025 — श्रावण मास के नीलकंठ कांवड़ मेले को शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में मेला क्षेत्र को सात जोन और तेईस सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां प्रत्येक सेक्टर में पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी व जवानों की तैनाती की गई है।

इसके साथ ही खुफिया विभाग की फ्लाइंग टीमें भी सक्रिय रूप से मेले में भ्रमण कर रही हैं, जिनका उद्देश्य असामाजिक तत्वों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करना है।

थाना लक्ष्मणझूला के थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल को मेला क्षेत्र में बाहरी लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जोनवार पुलिस टीमें गठित कर नीलकंठ पैदल मार्ग पर बाहरी दुकानदारों और कामगारों की जांच की जा रही है। सत्यापन प्रक्रिया के तहत ऐसे सभी व्यक्तियों की पहचान की जा रही है जो बाहर से आकर मेला क्षेत्र में दुकान या अन्य व्यवसाय कर रहे हैं।

थानाध्यक्ष पैथवाल ने जानकारी दी कि आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से यह सत्यापन अत्यंत आवश्यक है। यदि कोई दुकानदार सत्यापन में लापरवाही करता है या जानबूझकर विलंब करता है तो ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आज के सत्यापन अभियान में अपर उप निरीक्षक विनोद चमोली, कांस्टेबल भगत, पंकज, विजेंद्र, देवेश, कुलदीप आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे। यह अभियान मेला समाप्ति तक निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button