उत्तराखंडटिहरी गढ़वालसमीक्षा बैठक

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, बीएलओ के कार्यों की निर्वाचन आयोग ने की सराहना

टिहरी में SIR-2026 के तहत 97.80 प्रतिशत ईएफ वितरण पूरा, नेटवर्क शैडो क्षेत्रों पर विशेष फोकस के निर्देश

टिहरी गढ़वाल,19 जून(दिलीप शर्मा): भारत निर्वाचन आयोग से आए प्रधान सचिव एन.टी. भूटिया एवं अधिकारी अभिषेक तिवारी ने शुक्रवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अभियान की प्रगति, डिजिटाइजेशन और मतदान केंद्रों पर चल रहे कार्यों का विस्तृत आकलन किया गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि जनपद में ईएफ वितरण का कार्य 97.80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, जबकि डिजिटाइजेशन की प्रगति 25.68 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने जानकारी दी कि 18 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है।

उन्होंने बताया कि जनपद के 24 नेटवर्क शैडो क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर डिजिटाइजेशन कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है। सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर बीएलए-2 की तैनाती एवं समन्वय की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कम प्रगति वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नेटवर्क शैडो क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने, कम प्रदर्शन वाले इलाकों में अतिरिक्त प्रयास करने तथा अधिक मतदाताओं वाले बड़े मतदान केंद्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयावधि में सभी कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग और बेहतर समन्वय के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाया जाना आवश्यक है।

बैठक में एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, सूचना विज्ञान अधिकारी शिवम त्रिपाठी, ईओ टिहरी वासुदेव डंगवाल, तहसीलदार प्राची, बीएलओ कृष्णा नौटियाल, अंजना भद्री एवं नरेश बिजल्वाण, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button