उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

कनाताल में एडीएम का औचक निरीक्षण

सरकारी राशन परिवहन में बड़ी अनियमितता उजागर, दो वाहन सीज

टिहरी गढ़वाल,9 मई (सू.वि.) दिलीप शर्मा: जनपद टिहरी गढ़वाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सरकारी राशन परिवहन में गंभीर अनियमितता सामने आई है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा चंबा–धनोल्टी मोटर मार्ग पर कनाताल के समीप चलाए गए औचक निरीक्षण अभियान के दौरान सरकारी खाद्यान्न से भरे दो वाहनों को सीज कर दिया गया।

दस्तावेजों के अभाव में बढ़ा संदेह

निरीक्षण के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से संबंधित दो वाहनों की जांच की गई, जिनमें क्रमशः 50 बोरी और 40 बोरी गेहूं एवं चावल लदा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि वाहनों में यह स्पष्ट नहीं था कि राशन किस गांव अथवा किस वितरण केंद्र के लिए भेजा जा रहा है।

इसके अलावा खाद्यान्न गोदाम से निर्गमन संबंधी गेट पास, परिवहन चालान तथा राशन के स्रोत एवं गंतव्य से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। दस्तावेजों के अभाव को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।

मौके पर बुलाए गए अधिकारी, जांच के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल एवं खाद्यान्न निरीक्षक को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही कानूनगो महिपाल सिंह पुंडीर, पटवारी धनपाल सिंह तथा सप्लाई इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह नेगी को भी जांच में शामिल किया गया।

संयुक्त जांच के बाद दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया तथा संबंधित प्रकरण में विस्तृत जांच के आदेश जारी किए गए।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

अपर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित कार्मिकों एवं ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल को भी दी गई।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भविष्य में भी नियमित निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।

इस दौरान आईएएस अधिकारी (प्रशिक्षु) ज्योति भी उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button