
ऋषिकेश, 9मई (दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर पब्लिक स्कूल में आज मातृ दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए समाज एवं बच्चों के भविष्य निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना था।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि नगर निगम पार्षद रीना शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य के. एल. दीक्षित एवं शिक्षकों ने सभी माताओं का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने माताओं को समर्पित गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भावनाओं और उल्लास से भर दिया।

प्रधानाचार्य के. एल. दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि माताएं बच्चों के जीवन की प्रथम गुरु होती हैं और समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्य अतिथि श्रीमती कुसुम कंडवाल ने भी मातृत्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताओं के योगदान को सराहा।
कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए मनोरंजक खेल एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह का समापन आभार प्रदर्शन एवं जलपान के साथ हुआ। कार्यक्रम ने मां और बच्चों के रिश्ते को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ उपस्थित लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य किया। विद्यालय द्वारा आयोजित इस विशेष आयोजन की सभी अतिथियों और अभिभावकों ने सराहना की।










