उत्तराखंडधराली

धराली-हर्षिल आपदा: SDRF का सघन राहत व खोज अभियान जारी, 220 प्रभावितों को भोजन व राहत सामग्री पहुंचाई गई

उत्तरकाशी/हर्षिल, 8 अगस्त- धराली-हर्षिल क्षेत्र में भारी बारिश के चलते आई आपदा के बाद SDRF उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा अन्य राहत एजेंसियों के साथ मिलकर क्षेत्र में व्यापक राहत व बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार राहत कार्यों में तेजी लाई गई है।

बुधवार को पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ, ADG प्रशासन/अधिसूचना ए.पी. अंशुमन, IG SDRF अरुण मोहन जोशी, सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी तथा पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी सरिता डोभाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर अभियान की समीक्षा की।

IG SDRF ने DGP को सर्च और रेस्क्यू अभियान की विस्तृत जानकारी दी, जिसके उपरांत DGP महोदय ने मौके पर मौजूद सभी राहत दलों का उत्साहवर्धन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

SDRF अत्याधुनिक विक्टिम लोकेटिंग कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा और डॉग स्क्वाड के साथ मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटी हुई है। इसके साथ ही SDRF टीम गंगनानी में टूटे पुल के पुनर्निर्माण हेतु PWD व BRO के साथ मिलकर यातायात बहाली के प्रयासों में सक्रिय सहयोग कर रही है।

आपदा की गंभीरता को देखते हुए 7 अगस्त की रात SDRF द्वारा हर्षिल में कम्युनिटी किचन की स्थापना की गई, जिसमें 220 आपदा प्रभावितों को भोजन उपलब्ध कराया गया। वहीं राहत सामग्री भी स्थानीय पुलिस, SDRF व अन्य एजेंसियों के समन्वय से प्रभावित गांवों तक लगातार पहुँचाई जा रही है।

SDRF का यह सुनियोजित और समर्पित राहत अभियान आपदा की इस घड़ी में राहत का संबल बनकर सामने आया है।

Related Articles

Back to top button