उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

आस्था पथ और गंगा घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान, पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण के नेतृत्व में आधा कुंटल से अधिक सूखा कूड़ा एकत्र

मुनिकीरेती-ढालवाला, 13 अगस्त- “हर तिरंगा – हर घर स्वच्छता” अभियान के तहत बुधवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण के नेतृत्व और सक्रिय सहभागिता से आस्था पथ एवं पूर्णानंद गंगा घाट क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों और स्ट्रीट वेंडर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लगभग आधा कुंटल से अधिक सूखा कूड़ा एकत्र कर खाराश्रोत स्थित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र में निस्तारण हेतु भेजा गया।

सुबह बस पार्किंग, जानकी झूला से अभियान की शुरुआत करते हुए पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी गंभीरता और संकल्प का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “गंगा और उसके किनारे हमारी सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक धरोहर हैं, इन्हें स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।” उनके नेतृत्व ने न केवल टीम में ऊर्जा भरी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी सफाई कार्य में सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

अभियान में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, सभासद लक्ष्मण भंडारी, नवीन रतूड़ी, मीना मंदवाण, दर्शनी भंडारी, मदन बडोनी, जेई सचिन, कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, प्रभारी सफाई निरीक्षक कैलाश चन्द्र सेमवाल, लिपिक आकाश कैंतूरा, संजय भंडारी, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, वर्क एजेंट केदार मिश्रवाण और जानकी झूला रेहड़ी यूनियन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

नगरवासियों ने पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की सक्रियता और स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि उनका जमीनी स्तर पर काम करना, सफाई कर्मचारियों और आम जनता के लिए एक प्रेरणा है। अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button