उत्तराखंडदेहरादूनलोकार्पणशिलान्यास

देहरादून नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस पर सीएम धामी ने रखी 46 करोड़ की विकास परियोजनाओं की नींव

14 सौ करोड़ रूपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर चल रहा काम, स्वच्छता रैंकिंग में सुधार– शहर को आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने पर फोकस

देहरादून, 10 दिसम्बर(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नगर निगम देहरादून के 27वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए महानगर में 46 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले 27 वर्षों में देहरादून नगर निगम ने नागरिक सुविधाओं में विस्तार और शहरी विकास को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि शहर को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने को लेकर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में देहरादून में स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम आवास योजना, स्मार्ट सिटी मिशन, खुले में शौच मुक्त अभियान और लीगेसी वेस्ट मैनेजमेंट जैसी योजनाएँ भू-स्तर पर लागू की जा रही हैं।

शहर में 1400 करोड़ रूपये से अधिक की योजनाएं प्रगति पर

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सरकार देहरादून को आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। शहर में कचरा निस्तारण के लिए मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा 35 पार्कों का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने बताया कि केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित उत्तराखंड का सबसे बड़ा पार्क बनाया जा रहा है और वीर बलिदानियों की स्मृति में विशेष स्मृति पार्क विकसित किए जा रहे हैं।

हरित देहरादून की दिशा में पहल

शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है और 11 स्थानों पर निजी ई-वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून ने देश में 19वां स्थान प्राप्त किया है तथा राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में शहर ने 62वां स्थान हासिल किया।

ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या का समाधान

सीएम ने कहा कि ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना तैयार की गई है। साथ ही भूमिगत पार्किंग निर्माण कार्य भी तेज किया गया है।

मेयर ने विकास कार्यों का किया उल्लेख

कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम द्वारा संपन्न कराए जा रहे विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, नगरायुक्त नमामि बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

शिलान्यास परियोजनाएँ

1. किरसाली चौक–सहस्त्रधारा कॉसिंग रोड—फुटपाथ, ग्रीनरी व सौंदर्यीकरण (264.21 लाख)

2. मोथरोवाला—गैस चालित पशु शवदाह गृह (147.89 लाख)

3. कैनाल रोड–लक्जूरिया फार्म–अजन्ता होटल रोड विकास (247.58 लाख)

4. कुठाल गेट–राजपुर चौक रोड विकास (257.67 लाख)

5. धण्टाघर–आरटीओ चौक रोड विकास (165.84 लाख)

6. धण्टाघर–यमुना कॉलोनी रोड विकास (193.11 लाख)

7. विवेकानंद चौक–कुठाल गेट रोड विकास (234.79 लाख)

लोकार्पण

1. वार्ड-60 आईटी पार्क में पार्क विकास (116.75 लाख)

2. नगर निगम कॉफी टेबल बुक/डायरी व ई-ऑफिस अनावरण

3. मैकेनाइज स्मार्ट कार पार्किंग (3.29 करोड़)

4. राजपुर रोड पार्किंग (1 करोड़)

5. धोरण में मैकेनाइज ट्रांसफर स्टेशन (6.29 करोड़)

Related Articles

Back to top button