
ऋषिकेश 05 सितम्बर – मां गंगा रामलीला समिति (रजि.) 14 बीघा द्वारा आयोजित चतुर्थ श्रीरामलीला मंचन कार्यक्रम से पूर्व शुक्रवार को रामलीला मैदान 14 बीघा में हनुमान ध्वज पूजन एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण में हुए इस कार्यक्रम में स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह के समय 14 बीघा निवासी देवेंद्र दत्त जोशी के निवास स्थान से महाध्वजा को विधिवत पूजन के साथ जय श्रीराम के जयकारों के बीच शोभायात्रा के रूप में रामलीला मैदान, नया पुल लाया गया। जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच ध्वज पूजन संपन्न हुआ और इसे रामलीला मैदान में स्थापित किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।

शाम के समय समिति की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। भजनों और रामकथा के अमृतमय रस में डूबकर श्रद्धालु देर रात तक कार्यक्रम में शामिल रहे।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण, आसाराम व्यास, हृदयराम सेमवाल, गुरु प्रसाद बिजल्वाण, अनिल रावत, महावीर खरोला, मनोज मलासी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मां गंगा रामलीला समिति के अध्यक्ष संदीप परमार, उपाध्यक्ष प्रदीप सकलानी, महासचिव अनिल बडोनी, कोषाध्यक्ष जितेंद्र उनियाल, मंत्री गंगा रावत व अर्पित रावत सहित समिति के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे रहे।
ध्वज पूजन और सुंदरकांड कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ रामलीला मंचन कार्यक्रम की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। श्रद्धालुओं को आगामी दिनों में रामलीला के मंचन का बेसब्री से इंतजार है।









