उत्तराखंडऋषिकेशशिक्षक दिवस

शिक्षक दिवस पर चन्देश्वर पब्लिक स्कूल में रंगारंग कार्यक्रम, बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा

ऋषिकेश 05 सितम्बर – शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चन्देश्वर पब्लिक स्कूल, ऋषिकेश के विशाल प्रांगण में खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विविध रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार  धर्मेंद्र गुप्ता तथा शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी आकाश गुप्ता शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने बच्चों को अपने करकमलों से पेंसिल, रबर एवं कटर वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि ने किया गुरुजनों के योगदान का स्मरण

इस अवसर पर मुख्य अतिथि धर्मेंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक दिवस वास्तव में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को समर्पित है, जिन्होंने देश के दूसरे राष्ट्रपति के रूप में शिक्षा और मूल्यों की नींव को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उनके भविष्य को दिशा देने का कार्य करते हैं।

प्रबंधक व शिक्षकों ने दिए आशीर्वचन

विद्यालय के प्रबंधक प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। यदि उन्हें उचित संस्कार और सकारात्मक माहौल मिलता रहे तो वे जीवन में नई ऊँचाइयाँ हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर नाटक, सांस्कृतिक प्रतियोगिता, चित्रकला एवं वाद-विवाद जैसे आयोजन होते रहते हैं, जिनसे विद्यार्थियों की छुपी प्रतिभा उजागर होती है।

वरिष्ठ प्राध्यापिका रंजू शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के जीवन में अच्छे संस्कारों का होना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे बच्चे न केवल अपने माता-पिता का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन करते हैं।

प्रधानाचार्य ने छात्रों से जताई उम्मीदें

विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवकुमार भारद्वाज ने कहा कि विद्यालय के छात्र आगे चलकर समाज, विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी।

शिक्षकों की रही विशेष उपस्थिति

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएँ रंजू शर्मा, मोनिका अरोड़ा, पुष्पा चौहान, बीना पुरोहित, अर्चना, रेनू शर्मा, शिवानी मैडम, कनक गुप्ता सहित सभी अध्यापक-अध्यापिकाएँ उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button