एम्स ऋषिकेश में विश्व रोगी सुरक्षा दिवस मनाया, नवजात व बाल चिकित्सा सुरक्षा पर रहा फोकस

ऋषिकेश, 19 सितंबर- एम्स ऋषिकेश में विश्व रोगी सुरक्षा दिवस पर संस्थान की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. मीनू सिंह के नेतृत्व में वॉकथॉन और रोगी सुरक्षा शपथ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान बाल चिकित्सा सुरक्षा, सुरक्षित औषधि पद्धति, प्रसवपूर्व महिला स्वास्थ्य और शल्य चिकित्सा सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए।
शैक्षणिक सत्रों में नवजात शिशु देखभाल, परिवार-केंद्रित रोगी सुरक्षा और रक्ताधान प्रोटोकॉल पर भी चर्चा हुई। समापन अवसर पर नवाचार प्रतियोगिता विजेताओं और रोगी सुरक्षा पहलों में योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया।

संस्थान में पखवाड़ेभर चले आयोजनों में सुरक्षा ऑडिट राउंड, “कोड पिंक” मॉक ड्रिल, नर्सिंग स्टाफ के लिए प्रशिक्षण और “स्वच्छ हाथ अभियान” जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। “प्रत्येक नवजात और प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित देखभाल” थीम पर केंद्रित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि रोगी सुरक्षा जीवन की पहली सांस से ही शुरू होती है।










