उत्तराखंडपौड़ी

लैंसडाउन में शहीद सम्मान समारोह सम्पन्न, मुख्यमंत्री धामी ने वीर सपूतों को किया नमन 

शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित, सैन्य धाम निर्माण में पहुंचेगी शहीदों के आंगन की पवित्र मिट्टी

लैंसडाउन (पौड़ी गढ़वाल) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लैंसडाउन में आयोजित शहीद सम्मान समारोह में प्रतिभाग करते हुए वीर शहीदों की अमर गाथाओं को नमन किया। उन्होंने शहीदों के परिजनों को ताम्रपत्र और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया तथा अमर शहीद गब्बर सिंह नेगी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैन्य धाम केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि अमर आत्माओं का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि विभिन्न जनपदों के शहीदों के आंगन की मिट्टी से भरे ताम्र कलश देहरादून में बन रहे सैन्य धाम में स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं

मुख्यमंत्री धामी ने सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण हेतु कई घोषणाएं कीं—

शहीदों की अनुग्रह राशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख की गई।

परमवीर चक्र विजेताओं को ₹1.5 करोड़ की राशि प्रदान की जाएगी।

कोटद्वार स्थित सैनिक विश्राम गृह का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

वीर नारियों और पूर्व सैनिकों की नियुक्ति हेतु कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित होंगे।

लैंसडाउन संग्रहालय के जीर्णोद्धार के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।

विभिन्न विद्यालयों और सड़कों का नामकरण शहीदों के नाम पर किया जाएगा।

द्वितीय विश्व युद्ध के सभी पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से “एक पेड़ शहीदों के नाम” लगाने का भी आग्रह किया।

शहीद सम्मान यात्रा-2.0 का समापन

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि शहीद सम्मान यात्रा-2.0 का लैंसडाउन में सफल समापन हुआ। 25 सितंबर को देहरादून से प्रारंभ हुई इस यात्रा में 71 शहीदों के आंगन की मिट्टी एकत्र कर सैन्य धाम के लिए लाई गई है।

राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। उन्होंने कहा कि सैनिकों और अग्निवीरों को सरकारी सेवाओं में 10% आरक्षण राज्य सरकार की सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह रावत, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी लोकेश्वर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, कर्नल ऑफ द रेजिमेंट ले.ज. डी.एस राणा, ले. ज. शरत चंद्र (से.नि.), ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, उपाध्यक्ष गौ सेवा आयोग पं. राजेंद्, मेयर कोटद्वार शैलेन्द्र सिंह रावत सहित अनेक सैन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button