हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ : एम्स ऋषिकेश की साइकिल रैली और नुक्कड़ नाटक से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
विश्व ट्रॉमा सप्ताह के अंतर्गत आमजन को किया गया जागरूक
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा)13 अक्टूबर : विश्व ट्रॉमा सप्ताह के तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में सोमवार को साइकिल रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

एम्स के ट्रॉमा विभाग के तत्वावधान में आयोजित साइकिल रैली को विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमर आजम, डॉ. मधुर उनियाल, चीफ नर्सिंग ऑफिसर डॉ. अनीता रानी कंसल और ट्रॉमा सर्जरी फैकल्टी डॉ. रूबी कटारिया ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गेट नंबर-2 से शुरू होकर चीला मार्ग से होती हुई पुनः संस्थान परिसर में समाप्त हुई।

कार्यक्रम में प्रो. कमर आजम और डॉ. मधुर उनियाल ने साइक्लिंग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के साथ-साथ फर्स्ट एड एवं फर्स्ट रिस्पॉन्डर ट्रेनिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं एसएनओ दिनेश लुहार ने साइक्लिंग के दैनिक लाभों और सुरक्षा उपायों पर जानकारी साझा की।

रैली में एम्स स्टाफ के साथ वन विभाग, ब्लू राइडर्स ऋषिकेश साइकिल ग्रुप, भानू प्याल ग्रुप, विजय सिंह, अखिलेश उनियाल, शशिकांत, दीपिका कांडपाल, मेघा भट्ट, वने पाल सिंह, अर्पण कुमार पंवार, मनदीप सिंह, संदीप आदि शामिल रहे।
इसके अलावा परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान “यमराज उतर आए धरती परः यातायात नियम और सड़क सुरक्षा अभियान” शीर्षक से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को मनोरंजक ढंग से यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उप संभागीय परिवहन अधिकारी सुश्री रश्मि पंत, नर्सिंग अधिकारी शशिकांत, दीपिका कांडपाल, मेघा भट्ट, विजय सिंह, कादिर खान सहित परिवहन व यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा।










