
ऋषिकेश, 13 अक्टूबर : नगर में आगामी त्यौहारों — विशेषकर करवाचौथ, दीपावली और छठ पर्व — के मद्देनज़र ऋषिकेश में बाजार एवं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सोमवार को होटल पैराडाइज में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता ऋषिकेश की नवनियुक्त क्षेत्राधिकारी डॉ. पूर्णिमा गर्ग ने की। इस अवसर पर नगर के नवनियुक्त कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट तथा पुलिस विभाग की समस्त टीम मौजूद रही। बैठक में व्यापार मंडल ऋषिकेश के पदाधिकारी एवं नगर के वरिष्ठ व्यापारी गण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में व्यापारियों ने बाजारों में पार्किंग की कमी, ट्रैफिक जाम, अवैध वाहन पार्किंग, और त्यौहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पुलिस अधिकारियों ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
क्षेत्राधिकारी डॉ. पूर्णिमा गर्ग ने कहा कि “त्यौहारों के समय पुलिस का उद्देश्य जनता को सुगमता, सुरक्षा और शांति प्रदान करना है। इसके लिए व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है।” उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक प्लान को मजबूत किया जाएगा और भीड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि “त्यौहारों के दौरान बाजारों में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।”
बैठक में व्यापारियों ने भी पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग करेंगे ताकि नगर की जनता और बाहरी आगंतुकों को खरीदारी के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
अंत में यह तय किया गया कि पुलिस और व्यापार मंडल मिलकर एक संयुक्त कार्य योजना बनाएंगे, जिससे त्यौहारों के दौरान ऋषिकेश की सड़कों पर सुचारू यातायात और बाजारों में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे।









