
- अब तक 26,000 से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी।
- मुख्यमंत्री बोले — पारदर्शिता और निष्पक्षता हमारी प्राथमिकता।
- भर्ती प्रक्रिया को अभियान के रूप में जारी रखने का संकल्प।
- नवनियुक्त अधिकारियों से ईमानदारी व जनसेवा के प्रति समर्पण की अपील।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में राजस्व परिषद के नव-चयनित सहायक समीक्षा अधिकारी एवं समीक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा को जनसेवा का माध्यम बनाना ही सच्चे अर्थों में सफलता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व हरिद्वार में हुई परीक्षा से जुड़ा एक प्रकरण सामने आया था, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया और एसआईटी जांच गठित की गई। छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए परीक्षा को निरस्त कर सीबीआई जांच की संस्तुति की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद से रिक्त पदों को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से भरने का अभियान लगातार जारी है। अब तक 26,000 से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिल चुका है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता हमारी पहचान है और यह भर्ती प्रक्रिया आगे भी अभियान के रूप में जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्य में पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता का पालन करें। कार्य प्रणाली में सरलीकरण और गति लाना आवश्यक है, ताकि जनता को शीघ्र और सरल सेवाएं प्राप्त हों।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, सचिव एस.एन. पांडे, अपर सचिव रंजना राजगुरु, राजस्व परिषद के अधिकारीगण एवं नव-नियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारी तथा समीक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
नवनियुक्त अधिकारियों से ईमानदारी व जनसेवा के प्रति समर्पण की अपील।









