उत्तराखंडऋषिकेशहादसा

ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी

अंधेरा बढ़ने पर रात का सर्च ऑपरेशन रोका गया, कल सुबह पुनः शुरू होगा अभियान

 

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा)05 अक्टूबर : थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत मस्तराम घाट पर रविवार सायं लगभग 5 बजे गंगा नदी में स्नान कर रहे एक युवक के डूबने की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से रेस्क्यू टीम तत्काल आवश्यक उपकरणों और स्कूबा सेट के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुँचकर टीम ने स्थिति का आकलन करते हुए गंगा नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डूबे युवक की पहचान कुनाल वर्मा (20 वर्ष) पुत्र सुरेश वर्मा, निवासी जीरकपुर, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। कुनाल बी.बी.ए. तृतीय वर्ष का छात्र था और अपने चार दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया हुआ था। बताया गया कि सायं के समय गंगा स्नान के दौरान वह तेज धारा में बह गया।

एसडीआरएफ की टीम द्वारा आधुनिक उपकरणों, डीप डाइविंग तकनीक और बोट की सहायता से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। टीम के प्रशिक्षित गोताखोर नदी की गहराई और प्रवाह की तीव्रता का आकलन कर खोज अभियान में जुटे हैं।

घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। अंधेरा अधिक होने के कारण आज का सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जिसे कल प्रातः पुनः प्रारंभ किया जाएगा।

एसडीआरएफ प्रभारी इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि “नदी की गहराई, प्रवाह की तीव्रता और दृश्यता की कमी के कारण सर्चिंग में कठिनाई आ रही है, फिर भी टीम पूरी तत्परता और मनोयोग से अभियान में लगी हुई है।”

Related Articles

Back to top button