
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्रांतर्गत मस्तराम घाट में बीते दिनों गंगा में डूबे युवक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त सर्चिंग टीम ने लगातार प्रयासों के बाद शव को रामझूला घाट के पास से निकाला।
एसडीआरएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुणाल वर्मा (20 वर्ष) निवासी जिरकपुर, चंडीगढ़, जो बीबीए तृतीय वर्ष का छात्र था, दिनांक 05 नवंबर 2025 की शाम अपने दोस्तों के साथ गंगा में नहाते समय गहराई में जाने से डूब गया था।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची थी। पिछले कई दिनों से टीम द्वारा स्कूबा डाइविंग, राफ्ट और डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था।
लगातार प्रयासों के बाद आज सुबह शव गंगा नदी से बरामद किया गया। शव को आवश्यक कानूनी कार्यवाही हेतु जिला पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं परिजनों द्वारा शव की औपचारिक पहचान (सीनाख्त) कर ली गई है।
एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस ने गंगा तटीय क्षेत्रों में आने वाले स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे बिना सुरक्षा उपायों के गंगा में गहरे पानी में न उतरें और सदैव सतर्क रहें।









