उत्तराखंडजनहितदेहरादून

सीएम धामी ने दिए वन विभाग के आरोपित अधिकारियों के खिलाफ पुनः जांच एवं अभियोजन के निर्देश

राज्य कर्मियों को मिला महंगाई भत्ते का तोहफ़ा, पहाड़ी क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने की स्वीकृति

देहरादून (दिलीप शर्मा) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग के आरोपित अधिकारियों के विरुद्ध पुनः जांच एवं अभियोजन की अनुमति प्रदान की है। मुख्यमंत्री द्वारा यह निर्णय शासन स्तर पर लंबित मामलों के परीक्षण के उपरांत लिया गया है।

कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की सौगात

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य सरकार तथा राज्य सरकार के स्वायत्तशासी निकायों एवं उपक्रमों में कार्यरत उन कर्मचारियों को राहत दी है जो पांचवें एवं छठवें वेतनमान में वेतन आहरित कर रहे हैं।
अब इन कर्मचारियों को 01 जुलाई, 2025 से महंगाई भत्ते की दर में वृद्धि का लाभ मिलेगा। पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों के लिए यह दर 466 प्रतिशत से बढ़ाकर 474 प्रतिशत तथा छठवें वेतनमान के लिए 252 प्रतिशत से बढ़ाकर 257 प्रतिशत कर दी गई है।

पहाड़ी क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकास की मंजूरी

राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी मॉडल पर विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री धामी ने प्रथम चरण में नगर निगम पिथौरागढ़, नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट (उत्तरकाशी) तथा नगर पंचायत गैरसैंण (ग्रीष्मकालीन राजधानी) को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जाने की स्वीकृति दी है।

विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 39.68 करोड़ की स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल 39.68 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
इन योजनाओं में—

  • 17 नगर निकायों में देवभूमि रजत जयंती पार्क के निर्माण हेतु 13.46 करोड़ रुपये,
  • जनपद देहरादून की उत्तर शाखा के अंतर्गत गंगोत्री विहार में नलकूप खनन एवं संबंधित कार्यों हेतु 2.22 करोड़ रुपये,
  • पीएम गतिशक्ति पोर्टल पर एसएएससीआई के अंतर्गत प्रस्तावित शिवालिक नगर पंपिंग जलापूर्ति योजना के पुनर्गठन हेतु 6.81 करोड़ रुपये,
  • अमृत 2.0 स्टेट वाटर एक्शन प्लान-2 के अंतर्गत 05 योजनाओं के लिए 3.25 करोड़ रुपये,
  • नगरीय पेयजल योजनाओं में एएमआर वाटर मीटर अधिष्ठापन के लिए 10 करोड़ रुपये,
  • तथा जनपद चम्पावत में बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों की 10 किमी आंतरिक सड़कों के सुधार कार्य हेतु 3.94 करोड़ रुपये शामिल हैं।

राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रतिबद्ध धामी सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनता की सुविधा और विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। शासन स्तर पर लिए जा रहे निर्णय पारदर्शिता, सुशासन और त्वरित कार्यान्वयन की दिशा में एक और कदम हैं।

Related Articles

Back to top button