
ऋषिकेश, दिनांक 21 नवम्बर (दिलीप शर्मा) : नगर निगम ऋषिकेश द्वारा त्रिवेणी घाट परिसर में ‘ट्रिपल आर (RRR) केंद्र’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का शुभारंभ नगर निगम के माननीय महापौर श्री शंभू पासवान एवं नगर आयुक्त महोदय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

उद्घाटन अवसर पर नगर निगम के समस्त कर्मचारियों ने सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी संख्या में कपड़ों का दान किया। दान किए गए कपड़ों को मौके पर ही गरीब एवं असहाय लोगों के बीच वितरित भी किया गया।
महापौर श्री शंभू पासवान ने कहा कि ‘ट्रिपल आर यानी रिड्यूस, रीयूज और रीसायकिल’ की अवधारणा को जनमानस तक पहुंचाने और उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी है बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी सशक्त करता है।
नगर आयुक्त महोदय ने कहा कि निगम क्षेत्र में इस प्रकार के सामाजिक अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि आम नागरिकों में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ें।
इस दौरान नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जरूरतमंदों को वस्त्र वितरण कर सेवा और सहयोग का संदेश दिया गया।









